रायपुर : कांग्रेस पर अजय चंद्राकर का बड़ा हमला, टीएस सिंहदेव को दी पार्टी छोड़ने की सलाह

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर जारी चर्चाओं के बीच भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव को कांग्रेस छोड़ने तक की सलाह दे डाली।
“बाबा साहब को अपमानित करना कांग्रेस का मिशन बन गया”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि “मैं टीएस सिंहदेव के बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देता”, अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद कांग्रेस का एक मिशन बन गया था — “बाबा साहब को अपमानित करो।” चंद्राकर ने कहा कि टीएस सिंहदेव एक गौरवशाली परिवार से आते हैं और अब उन्हें तय करना चाहिए कि वे कांग्रेस में अपमान सहते रहेंगे या राष्ट्रहित और अपनी परंपराओं के साथ आगे बढ़ेंगे
झीरम घाटी हमले को लेकर भी कांग्रेस पर साधा निशाना
झीरम घाटी नक्सली हमले के 13 साल पूरे होने पर भी भाजपा विधायक ने कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस दिन भूपेश बघेल अपने पास मौजूद तथ्यों को सार्वजनिक करेंगे और कवासी लखमा पूरी घटना को लेकर खुलकर सामने आएंगे, उस दिन कई परतें अपने आप खुल जाएंगी।चंद्राकर ने यह भी दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने अस्पताल में कवासी लखमा से क्या बातचीत की थी, यह भी जनता के सामने आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को केवल सहानुभूति और राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करती रही है।
अमरजीत भगत पर भी कसा तंज
भाजपा विधायक ने पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि खनिज संसाधनों में आदिवासियों को हिस्सा मिलना चाहिए।अजय चंद्राकर ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कांग्रेस सरकार के समय इतनी चिंता थी, तो यह मुद्दा कैबिनेट या विधानसभा में क्यों नहीं उठाया गया? उन्होंने पूछा कि क्या केंद्र सरकार को इस संबंध में एक भी पत्र लिखा गया था?











