अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा: रायपुर से बस्तर तक सुरक्षा और विकास कार्यक्रमों में होंगे शामिल

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह रात 8:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जिसके बाद नवा रायपुर स्थित होटल में रात्रि विश्राम करेंगे।
18 मई की सुबह 10:30 बजे गृह मंत्री राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर डायल-112 के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम को प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जगदलपुर में जनसुविधा केंद्र का करेंगे शुभारंभ
रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह दोपहर 12:20 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे। बस्तर दौरे के दौरान वह नेटनार में जनसुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे और विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
शाम को जगदलपुर में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी गृह मंत्री शामिल होंगे। उनका रात्रि विश्राम जगदलपुर में ही प्रस्तावित है।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे चार राज्यों के मुख्यमंत्री
19 मई को सुबह 11 बजे जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
बैठक में सुरक्षा, विकास और अंतरराज्यीय समन्वय से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। कार्यक्रम के बाद अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है।











