बलरामपुर: भोजन नहीं मिलने पर पति ने पत्नी की कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर: पुलिस चौकी तातापानी क्षेत्र से घरेलू विवाद में हत्या का मामला सामने आया है. मामूली बात को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की मारपीट कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. जानकारी के अनुसार, ग्राम आम सेन्दुर (कोटवारी टाड़) निवासी प्रार्थी राजेश कोड़ाकू पिता रामदेव कोड़ाकू, उम्र 45 वर्ष, ने चौकी तातापानी में उपस्थित होकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई.
प्रार्थी ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे उसके पिता रामदेव कोड़ाकू द्वारा उसकी माँ रूनिया कोड़ाकू उर्फ रनिया कोड़ाकू से भोजन मांगा गया था. भोजन तुरंत नहीं मिलने पर आरोपी गुस्से में आ गया और लकड़ी के डंडे से मारपीट की, जिससे महिला की मृत्यु हो गई.
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी तातापानी में अपराध क्रमांक 05/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. विवेचना के दौरान आरोपी रामदेव कोड़ाकू पिता स्वर्गीय सिधन कोडाकू, उम्र 65 वर्ष, निवासी सेन्दुर (कोटवारी टाड़), पुलिस चौकी तातापानी के विरुद्ध हत्या का अपराध घटित करने के पर्याप्त साक्ष्य पाए गए. पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.











