कोरबा के जंगल में भालू का हमला: तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीण घायल, चेहरे और हाथों पर गंभीर चोटें

कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र स्थित भादा जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने हमला कर दिया। इस घटना में रिटायर पंचायत सचिव बृजपाल तंवर और धनसिंह धनुहार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जंगल में वनोपज संग्रह के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के दोनों ग्रामीण जंगल में तेंदूपत्ता और अन्य वनोपज संग्रह के लिए गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में मौजूद भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आसपास नर और मादा भालू अपने शावकों के साथ मौजूद थे। हलचल महसूस होने पर भालू आक्रामक हो गए और दोनों ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों के चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
ग्रामीणों ने बचाई जान, अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के दौरान आसपास मौजूद अन्य ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर शोर मचाया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद घायलों को तत्काल पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों का इलाज जारी है।
वन विभाग ने जारी की सतर्कता अपील
घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने और समूह में वनोपज संग्रह करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम और तेंदूपत्ता सीजन के दौरान जंगलों में भालुओं की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, इसलिए लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।











