बिहार में निगरानी विभाग की बड़ी कारवाई, 19000 रुपए रिश्वत लेते DEO गिरफ्तार

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की है. निगरानी की टीम ने मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार को उनके निजी आवास से 19,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया. सुधीर कुमार के पास वर्तमान में परियोजना निदेशक (आत्मा) और सहायक निदेशक तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी था.

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला कृषि विभाग के एक निविदा कर्मी (कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी) संतोष कुमार के पुनः योगदान से जुड़ा है. संतोष कुमार से उनकी सेवा विस्तार और दोबारा ज्वाइनिंग के बदले जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार ने 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी. आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मी ने अपनी नौकरी बचाने के लिए किसी तरह पैसों का इंतजाम करना शुरू किया.

पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि रिश्वत की भारी रकम चुकाने के लिए उसे अपनी जमा-पूंजी के साथ-साथ घर की कीमती चीजें भी बेचनी पड़ीं. संतोष ने 5 दिसंबर को सुधीर कुमार को 1,81,000 रुपये की पहली किस्त दी थी. यह रकम उसने बैंक से लोन लेकर, अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखकर और अपनी गाड़ी बेचकर जुटाई थी. इतनी बड़ी रकम देने के बाद भी सुधीर कुमार बाकी बचे 19,000 रुपये के लिए संतोष पर लगातार दबाव बना रहे थे.

बार-बार के मानसिक दबाव से परेशान होकर संतोष कुमार ने 11 दिसंबर को पटना स्थित निगरानी विभाग में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई. विभाग ने मामले का सत्यापन कराया और शिकायत सही पाए जाने पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. योजना के मुताबिक, शनिवार को जैसे ही संतोष कुमार शहर के चर्च रोड स्थित सुधीर कुमार के निजी आवास पर रिश्वत के बचे हुए 19,000 रुपये देने पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठी निगरानी की टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया.

मामले की जानकारी देते हुए निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी अधिकारी को घूस की राशि के साथ गिरफ्तार किया गया है. उनके आवास की भी तलाशी ली जा रही है ताकि अन्य आय से अधिक संपत्ति के दस्तावेजों का पता लगाया जा सके. गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को लेकर पटना रवाना हो गई है, जहाँ उन्हें विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com