सुल्तानपुर में आप की बड़ी बैठक, आगामी चुनाव को लेकर संगठन विस्तार और बूथ एजेंट नियुक्ति पर जोर

सुल्तानपुर: जिले में आम आदमी पार्टी (आप) की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. तिकोनिया पार्क में आयोजित इस बैठक में पार्टी के आगामी चुनावी रोडमैप और संगठन विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई. जिलाध्यक्ष एडवोकेट सुरेश गौतम के नेतृत्व में हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग और शासन के निर्देशानुसार बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति प्रक्रिया को प्रभावी बनाना था.
आप नेता अख्तर राइन ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि पार्टी सांसद संजय सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक वार्ड और विधानसभा स्तर पर 100 प्रतिशत बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी. इसका लक्ष्य चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है. बैठक के दौरान ओबीसी प्रकोष्ठ के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अकबर अंसारी का स्वागत किया गया.
उन्हें सुल्तानपुर में पिछड़े वर्ग को संगठित और मजबूत करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. अख्तर राइन ने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, पानी, स्वास्थ्य और सम्मान की राजनीति करती है. उन्होंने दावा किया कि पार्टी की जनोपयोगी नीतियां अब जन-जन तक पहुंच चुकी हैं और आने वाले समय में इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच और भी मजबूती से जाया जाएगा.
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेश प्रजापति, प्रदेश सचिव, जिला महासचिव राम विलास तिवारी सहित संगठन के कई महत्वपूर्ण पदाधिकारी उपस्थित रहे. सभी ने एक स्वर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया. सुल्तानपुर में आम आदमी पार्टी की इस सक्रियता ने आगामी स्थानीय चुनावों की सरगर्मियां बढ़ा दी हैं.











