छत्तीसगढ़ वनरक्षक भर्ती में बड़ा अपडेट: 1484 पदों पर जल्द होगी लिखित परीक्षा

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य के वन विभाग में वनरक्षक (फॉरेस्ट गार्ड) के 1484 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण की ओर बढ़ती नजर आ रही है। शारीरिक दक्षता परीक्षा पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों की सूची छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) को भेज दी गई है। अब विभाग ने व्यापमं से जल्द लिखित परीक्षा आयोजित कराने का अनुरोध किया है।
आवेदन प्रक्रिया 2023 में शुरू, 2024 तक बढ़ी अंतिम तारीख
वनरक्षक भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 मई 2023 से शुरू होकर 11 जून 2023 तक चली थी। बाद में अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 1 जुलाई 2024 कर दी गई थी। इसके बाद विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया।
विभाग ने पूरी की प्रशासनिक तैयारियां
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक भर्ती से जुड़ी सभी जरूरी सरकारी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। अब सिर्फ व्यापमं द्वारा लिखित परीक्षा की तारीख घोषित किया जाना बाकी है। विभाग ने परीक्षा जल्द कराने के लिए औपचारिक पत्र भी भेज दिया है।
परीक्षा में देरी से अभ्यर्थियों में बढ़ी थी नाराजगी
गौरतलब है कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया लंबित रहने के कारण अभ्यर्थियों में नाराजगी देखी जा रही थी। बड़ी संख्या में उम्मीदवार रायपुर पहुंचकर वन मंत्री के बंगले तक पहुंचे थे और जल्द परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग उठाई थी।
सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के मूड में
अधिकारियों का कहना है कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर पूरा करना चाहती है, ताकि योग्य युवाओं को जल्द रोजगार का अवसर मिल सके। अब अभ्यर्थियों की नजर व्यापमं की ओर से जारी होने वाली लिखित परीक्षा की तारीख पर टिकी है।











