बिहार: चलती क्लास के बीच 7वीं की दो छात्राएं दो मंजिला भवन से गिरीं, मची अफरा-तफरी; हायर सेंटर रेफर

औरंगाबाद: पढ़ाई के दौरान दो मंजिला भवन से गिरकर 7वीं कक्षा की दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना औरंगाबाद शहर के अदरी नदी स्थित अनुग्रह कन्या मध्य विद्यालय की है. घायलों में शहर के गांधी नगर मुहल्ला स्थित वार्ड नंबर -33 निवासी ओमप्रकाश सोनी की पुत्री पलक कुमारी एवं गया जिले के डेल्हा निवासी छोटू साव की पुत्री सृष्टि कुमारी शामिल है.
वॉशरूम के बाद छत पर गईं थीं छात्राएं
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान घायल सृष्टि के परिजनों ने बताया कि उसका परिवार औरंगाबाद शहर के सिन्हा कॉलेज मोड़ स्थित किराए पर रूम लेकर रहता है. पलक और सृष्टि दोनों सातवीं कक्षा की छात्रा है. दोनों छात्राएं अदरी नदी घाटी स्थित अनुग्रह कन्या मध्य विद्यालय में पढ़ाई करती है. शुक्रवार को दोनों अपने घर से पढ़ाई करने के लिए स्कूल गई थी. इसके बाद दोनों छात्राएं वॉशरूम गई. वॉशरूम जाने के बाद दोनों किसी काम से दो मंजिले भवन के ऊपर छत पर चली गई. विद्यालय के सभी शिक्षक क्लास में बच्चों को पढ़ा रहे थे. इसी दौरान अचानक दोनों का पैर फिसल गया, जिससे दोनों अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई.
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों छात्राएं हायर सेंटर रेफर
गिरने की तेज आवाज सुनकर विद्यालय के शिक्षाक और अन्य छात्राएं पहुंचे. मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति रही. विद्यालय के शिक्षकों ने आनन-फानन में दोनों घायल छात्राओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में दोनों का हायर सेंटर रेफर कर दिया. इधर, घटना की सूचना पर दोनों घायलों के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और दोनों का हाल जाना. इसके बाद दोनों को बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर लेकर चले गए.
स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर सवाल उठाए. कहा कि विद्यालय में किसी प्रकार की व्यवस्था नही है. छात्रों पर कोई भी शिक्षक ध्यान नहीं देते हैं. जब क्लास चल रहा था और सभी बच्चे पढ़ाई कर रहे थे तो दोनों छात्राएं दो मंजिले भवन के ऊपर छत पर कैसे गई? यह विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही है. प्रिंसिपल पूनम कुमारी ने बताया कि क्लास के दौरान दोनों प्रथम तल पर शौचालय गई थी. इसके बाद दोनों दूसरे मंजिल पर कैसे और क्यो गई, इसकी जानकारी नही है. जब दोनों छत से नीचे गिरी तो इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां बच्चों का इलाज़ चल रहा है. मामला संदिग्ध पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.











