बिहार: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, मचा कोहराम

औरंगाबाद: अनियंत्रित ट्रक की भीषण टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई. घटना दाउदनगर-गया मुख्य मार्ग पर बुधवार को टीचर ट्रेनिंग स्कूल के समीप जेल के आगे की है. मृतक की पहचान हसपुरा थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी दुर्गेश पासवान के 22 पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, सौरभ अपने फूफा के घर दाउदनगर थाना क्षेत्र के छट्ठू बिगहा मनार आया हुआ था. 19 फरवरी को उसकी फुफेरी बहन का तिलक समारोह था. बताया गया कि वह पूजा की सामग्री लेकर दाउदनगर से फूफा के घर लौट रहा था. हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर लगभग ढाई घंटे तक सड़क जाम कर दी. प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के परिजन चंदन कुमार ने बताया कि वे लोग सड़क किनारे गाड़ी खड़ी किए हुए थे. इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन कुमार बाल-बाल बच गए. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन गया रोड बस स्टॉप के पास स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. भीड़ ने उसकी पिटाई भी की. सूचना मिलने पर एसआई विक्की कुमार मौके पर पहुंचे और चालक को भीड़ से निकालकर सुरक्षित थाने पहुंचाया. घटना की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जफर इमाम एवं थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. परिजनों ने तत्काल मुआवजे की मांग की. करीब ढाई घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ और आवागमन बहाल किया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले में ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.











