रायपुर में मॉर्निंग वॉक के दौरान पूर्व विस अध्यक्ष से मोबाइल लूट: हाई अलर्ट के बीच बाइक सवार बदमाश फरार

राजधानी रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे के बीच सुरक्षा व्यवस्था के हाई अलर्ट के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ लूट की वारदात सामने आई है। मॉर्निंग वॉक पर निकले कौशिक का मोबाइल बाइक सवार बदमाश झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
भारत माता चौक के पास हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह करीब 8 बजे घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हाई अलर्ट के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल
केंद्रीय गृह मंत्री के रायपुर दौरे को लेकर शहर में पहले से हाई अलर्ट और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू थी। ऐसे में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के साथ हुई लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।











