सतना में डेढ़ दशक बाद टिटनेस का मामला, कील चुभने से संक्रमित युवक ICU में भर्ती

जिला अस्पताल में लंबे समय बाद टिटनेस का एक मामला सामने आया है। करीब डेढ़ दशक के अंतराल के बाद इस रेयर बीमारी से पीड़ित 19 वर्षीय युवक को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार संक्रमण फैलने से युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

मरीज के शरीर में टिटनेस के बैक्टीरिया के असर से अकड़न आ गई है और उसका मुंह खुलना बंद हो गया है। फिलहाल उसे नाक में नली लगाकर तरल पदार्थ दिया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में उपचार कर रही है।

बताया गया है कि युवक पन्ना जिले के सरसा गांव का निवासी है और काम के सिलसिले में बाहर रह रहा था। करीब एक सप्ताह पहले काम के दौरान उसके पैर में कील चुभ गई थी। प्राथमिक उपचार के रूप में उसने घाव की पट्टी करवाई और दर्द निवारक दवाएं लीं, लेकिन टिटनेस का इंजेक्शन नहीं लगवाया।

इंजेक्शन न लगने के कारण घाव में संक्रमण फैलता चला गया और हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद युवक अपने गृह क्षेत्र लौटा, जहां तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों का कहना है कि टिटनेस एक गंभीर लेकिन रोकी जा सकने वाली बीमारी है। समय पर टीकाकरण और चोट लगने पर सही उपचार से इस संक्रमण से बचा जा सकता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com