एक महीने में उखड़ने लगी 36 लाख की सीसी रोड, ग्रामीणों ने जताई भ्रष्टाचार की आशंका

बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत नेवरा में गौरव पथ योजना के तहत बनाई गई सीसी रोड महज एक महीने के भीतर ही उखड़ने लगी है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टियां बाहर निकल आई हैं, जबकि कई हिस्सों में सीमेंट की जगह रेत की परतें दिखाई दे रही हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कलेक्टर से शिकायत कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
36 लाख की लागत से बनी 450 मीटर सड़क
ग्रामीणों के अनुसार मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत करीब 36 लाख रुपए की लागत से 450 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। पिछले चार से पांच महीनों से सड़क निर्माण कार्य चल रहा था, जो मार्च में पूरा हुआ।
निर्माण पूरा होने के कुछ ही दिनों बाद सड़क की सतह उखड़ने लगी। वाहन गुजरते ही गिट्टियां बाहर निकल रही हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब हालत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री और स्तरहीन तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
बारिश में और बिगड़ सकती है स्थिति
स्थानीय निवासी बिहारी सिंह टोडर ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे नालियों का निर्माण भी नहीं किया गया है, जिससे बारिश के दौरान सड़क को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में भ्रष्टाचार के कारण जनता को टिकाऊ सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों ने निर्माण कार्य की सही निगरानी नहीं की, जिसके चलते ठेकेदार ने मनमाने तरीके से काम किया।
ग्रामीणों ने नए निर्माण और जांच की मांग की
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही निर्माण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले मस्तूरी ब्लॉक के अमगांव में भी करोड़ों रुपए की लागत से बनी सड़क कुछ ही दिनों में खराब हो गई थी, जिसके बाद निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।











