मिडिल ईस्ट में हलचल: 48 घंटे में अमेरिका ने हटाए 3 जंगी जहाज, रणनीति पर उठे सवाल

ईरान के साथ जारी तनाव के बीच अमेरिका ने पिछले 48 घंटे में मिडिल ईस्ट से अपने तीन जंगी जहाजों को हटा लिया है। इस कदम के बाद क्षेत्र में अमेरिकी रणनीति को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। हटाए गए जहाजों में एक अत्याधुनिक युद्धपोत और दो माइंस काउंटरमेजर जहाज शामिल हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेराल्ड फोर्ड नामक युद्धपोत को ओमान की खाड़ी से हटाकर क्रेते स्थित नौसैनिक अड्डे की ओर भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस जहाज में हाल ही में आग लगने से नुकसान हुआ था, जिसके चलते इसे मरम्मत के लिए हटाया गया है। हालांकि, इसकी जगह किस जहाज को तैनात किया जाएगा, इस पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
इसके अलावा, पानी के भीतर बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने वाले दो अन्य जहाजों को मिडिल ईस्ट से हटाकर मलेशिया की ओर भेजा गया है। ये जहाज अब होर्मुज क्षेत्र से हजारों किलोमीटर दूर पहुंच चुके हैं, जबकि पहले इनकी तैनाती रणनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जाती थी।
इन घटनाओं के बीच यह भी चर्चा है कि अमेरिका इस संघर्ष में उलझता जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि युद्ध को जल्दी समाप्त करने की योजना सफल नहीं हो पाई है और अब हालात पहले से अधिक जटिल हो चुके हैं।
वहीं, ओमान की ओर से भी अमेरिका से युद्ध को जल्द रोकने की अपील की गई है। माना जा रहा है कि यह संघर्ष लंबा खिंच सकता है और इसका असर वैश्विक स्तर पर पड़ सकता है।











