बरेली के सस्पेंड सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ चार्जशीट जारी, लगे ये 3 बड़े आरोप

बरेली के सस्पेंड सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्नहोत्री की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ चार्जशीट जारी कर दी गई है. इसे तामील के लिए शामली के DM को भेज दिया गया है. बता दें कि अलंकार अग्निहोत्री ने नए यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) नियमों से कथित तौर पर आहत होने का हवाला देते हुए इस्तीफे की घोषणा की थी. बरेली कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी इस मामले की जांच कर रहे हैं.
DM की सिफारिश के बाद कार्रवाई
अलंकार अग्निहोत्री ने बरेली DM अविनाश सिंह पर उन्हें 45 मिनट तक बंधक बनाने का भी आरोप लगाया था और कलेक्ट्रेट गेट पर विरोध प्रदर्शन किया था. DM अविनाश सिंह की अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश के बाद राज्य सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया और विभागीय जांच का आदेश दिया.
चार्जशीट में लगे ये 3 आरोप
कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी के अनुसार, चार्जशीट में तीन मुख्य आरोप शामिल हैं. पहला- केंद्र और राज्य सरकारों के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देना. दूसरा- सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद जाति आधारित टिप्पणी करना और तीसरा- सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन करते हुए विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी में भाग लेना. राज्य सरकार के निर्देशानुसार बरेली कमिश्नर द्वारा जांच की जा रही है.











