‘यूथ आरोहण 2026’ में चमका छत्तीसगढ़ का युवा, आयुष सिंह राजपूत की प्रस्तुति ने जीता दिल

मुंगेली। छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाएं लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में लोरमी के युवा आयुष सिंह राजपूत ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित प्रतिष्ठित “जम्मू-कश्मीर यंग लीडर डायलॉग एवं यूथ आरोहण 2026” में शानदार प्रदर्शन कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
देशभर के युवाओं के बीच दिखाया नेतृत्व कौशल
इस राष्ट्रीय आयोजन का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं को नेतृत्व, शांति और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर एक साझा मंच उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में चयनित प्रतिभागियों ने अपने विचार और दृष्टिकोण प्रस्तुत किए।इसी दौरान आयुष सिंह Rajput ने “जम्मू-कश्मीर में शांति, स्थिरता और युवा नेतृत्व : एक नई कहानी का निर्माण” विषय पर प्रभावशाली पीपीटी प्रस्तुति दी। उनके विचारों, प्रस्तुति शैली और विषय की गहराई ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को प्रभावित किया।
शानदार प्रस्तुति पर मिला सम्मान
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आयुष सिंह राजपूत को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय मंच पर मिली इस उपलब्धि से लोरमी सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।











