दिल्ली दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय: अमित शाह से करेंगे मुलाकात, नक्सलवाद और परिषद बैठक पर होगी चर्चा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज एक दिवसीय दिल्ली दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 7:20 बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और करीब 11 बजे दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन पहुंचेंगे। दौरे के दौरान वे कई अहम बैठकों में शामिल होंगे।
अमित शाह से होगी अहम मुलाकात
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़ से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और विकास योजनाओं पर भी बातचीत हो सकती है।
नक्सलवाद की स्थिति पर देंगे जानकारी
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री साय राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों और मौजूदा स्थिति की जानकारी केंद्र सरकार को देंगे। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की जा सकती है।
मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक की तैयारियों पर मंथन
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान मध्य क्षेत्रीय परिषद की आगामी बैठक को लेकर भी विचार-विमर्श करेंगे। बैठक की तैयारियों और विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाया जाएगा। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री रात करीब 9 बजे रायपुर लौटेंगे और उसके बाद मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।











