सीएम साय बोले- पीएम की अपील पर अमल जरूरी: पेट्रोल-डीजल बचत को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर असहयोग की राजनीति करती है और देशहित में लिए गए फैसलों का भी विरोध करती है।

पीएम की अपील पर सरकार कर रही अमल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन बचत बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने भी इस दिशा में कदम उठाए हैं और सरकारी काफिलों में वाहनों की संख्या कम की गई है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील पर अमल करना समय की जरूरत है।

दिल्ली दौरे में अमित शाह से होगी मुलाकात

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि गृह मंत्री विजय शर्मा भी उनके साथ दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में चलाए जा रहे स्वास्थ्य और जनकल्याण अभियानों की जानकारी केंद्र सरकार को दी जाएगी। साथ ही लोगों के स्वास्थ्य कार्ड और योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा होगी।

एमएसपी बढ़ोतरी पर केंद्र सरकार का जताया आभार

फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को लेकर मुख्यमंत्री साय ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धान समेत कई फसलों के एमएसपी में वृद्धि से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com