कोल इंडिया के मुनाफे में 31% की गिरावट, 10.25 प्रति शेयर का दूसरा डिविडेंड घोषित

Coal India Q2 results: कोल इंडिया का नेट प्रॉफिट काफी गिर गया है। 

Coal India Results: सरकारी कोयला कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड के सितंबर तिमाही के नतीजे कमजोर रहे। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 31% घटकर 4354 करोड़ रह गया जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 6289 करोड़ था। कंपनी की राजस्व आय भी घटकर 30187 करोड़ रही, जो पिछले साल इसी अवधि में 31182 करोड़ थी। यानी, 3.19% की गिरावट दर्ज की गई।

कोल इंडिया का EBITDA (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और अमोर्टाइजेशन से पहले की आय) इस तिमाही में 6716 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 8617 करोड़ से 22% कम है। कंपनी का EBITDA मार्जिन घटकर 22.25% रह गया, जबकि वित्तीय वर्ष 2025 के दूसरी तिमाही में यह 27.63% था।

10.25 प्रति शेयर का डिविडेंड दिया

कोल इंडिया के बोर्ड ने दूसरा अंतरिम डिविडेंड 10.25 प्रति शेयर घोषित किया है। कंपनी ने बताया कि 4 नवंबर 2025 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। जिन शेयरधारकों के नाम उस दिन कंपनी के रिकॉर्ड में होंगे, उन्हें डिविडेंड का लाभ मिलेगा। भुगतान 28 नवंबर 2025 तक किया जाएगा। कंपनी ने कहा कि यह डिविडेंड वित्त वर्ष 2025-26 का दूसरा अंतरिम लाभांश है, जिसे ऑडिट कमिटी की सिफारिश पर स्वीकृत किया गया है।

कोल इंडिया के शेयर में गिरावट

तिमाही नतीजों के बाद कोल इंडिया का शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 382.70 पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले सत्र से 2.22% नीचे है।

उत्पादन में भी कमी

उत्पादन के मोर्चे पर भी कंपनी को झटका लगा है। सितंबर 2025 में कोल इंडिया का उत्पादन 3.9% घटकर 48.97 मिलियन टन रहा। पिछले साल इसी महीने में उत्पादन 50.94 MT था। कंपनी की कई सहयोगी इकाइयों जैसे बीसीसीएल, सीसीएल, वेस्टर्नकोलफील्ड इंडिया और एमसीएल में उत्पादन में कमी दर्ज की गई। वहीं, नॉर्थ ईस्टन कोलफील्ड में भी गिरावट आई है।

अप्रैल से सितंबर 2025 के बीच कंपनी का कुल उत्पादन 329.14 मिलियन टन रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 341.35 मिलियन टन से कम है।

कोल इंडिया देश के कुल कोयला उत्पादन का 80 फीसदी से अधिक हिस्सा देती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 875 मिलियन टन उत्पादन और 900 मिलियन टन डिस्पैच का लक्ष्य रखा है। यह लक्ष्य देश में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने और कोयले के आयात पर निर्भरता घटाने की दिशा में अहम कदम है।

(प्रियंका कुमारी)

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com