कर्तव्य पथ पर राहुल-खरगे को पीछे की सीट मिलने पर भड़की कांग्रेस, कहा- सब याद रखा जाएगा

देशभर में सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस का जश्न धूमधाम के साथ मनाया गया. दिल्ली के कर्तव्य पथ पर का नजारा देखने लायक था. आम नागरिकों से साथ ही तमाम नेताओं ने इस समारोह में हिस्सा लिया. इस बीच कांग्रेस ने सांसद राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पीछे सीट दिए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल खड़े किए हैं.
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है. जिसमें एक तस्वीर और एक वीडियो है. ये तस्वीर उस समय की है जब कांग्रेस सत्ता में थी और गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया जा रहा था. तस्वीर में सीनियर बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी, अरुण जेटली अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं, वहीं वीडियो आज का है जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और सांसद राहुल गांधी बैठे हैं.
सब याद रखा जाएगा’
मनीष तिवारी ने अपनी पोस्ट में कहा ‘जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब गणतंत्र दिवस पर वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी जी, अरुण जेटली जी और सुषमा स्वराज जी को पहली पंक्ति में सम्मान मिला. आज भाजपा ने देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधीऔर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को तीसरी पंक्ति की सीट दी हैं..!’ आखिर में उन्होंने कहा ‘सब याद रखा जाएगा’.
जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब गणतंत्र दिवस पर वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी जी, अरुण जेटली जी और सुषमा स्वराज जी को पहली पंक्ति में सम्मान मिला।
‘ये सरकार की कुंठा दिखाता है‘
इधर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सोशल मीडिया पर कहा ‘क्या देश के विपक्ष के नेता के साथ ऐसा व्यवहार किसी मर्यादा, परंपरा और प्रोटोकॉल के मापदंड पर खरा उतरता है ? ये केवल हीन भावना से ग्रस्त सरकार की कुंठा दिखाता है. प्रजातंत्र में मतभेद रहेंगे मगर राहुल गांधी के साथ किया जाने वाला ये व्यवहार अस्वीकार्य है.











