महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, 17 से 20 मई तक प्रदेशभर में चार दिवसीय आंदोलन

रायपुर। देश में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और खाद्य सामग्रियों की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने 17 मई से 20 मई तक चार दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इसके लिए सभी जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और प्रधानमंत्री की अदूरदर्शिता के कारण आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। पार्टी ने दावा किया कि मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, व्यापारी और आम नागरिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच उजागर करेंगे।
17 मई : पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन
आंदोलन के पहले दिन 17 मई को प्रदेशभर के पेट्रोल पंपों के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग करेंगे। इस दौरान बैनर, तख्तियां और स्लोगन के जरिए विरोध जताया जाएगा तथा आम लोगों से संवाद भी किया जाएगा।
18 मई : किराना बाजारों में महंगाई के खिलाफ आवाज
18 मई को खाद्य तेल और राशन सामग्री की बढ़ती कीमतों को लेकर किराना बाजारों में प्रदर्शन होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता किराना व्यापारियों और आम जनता से बातचीत कर महंगाई से हो रही परेशानियों को सामने लाएंगे।
19 मई : सराफा कारोबारियों के समर्थन में प्रदर्शन
19 मई को कांग्रेस सराफा बाजारों में प्रदर्शन करेगी। पार्टी का आरोप है कि प्रधानमंत्री की अपीलों और नीतियों के कारण सोने-चांदी का कारोबार प्रभावित हुआ है। कांग्रेस सराफा व्यापारियों, कारीगरों और कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर संकट का मुद्दा उठाएगी और उनसे संवाद करेगी।
20 मई : सोशल मीडिया पर चलेगा महंगाई विरोधी अभियान
आंदोलन के अंतिम दिन 20 मई को कांग्रेस सोशल मीडिया के जरिए महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कमी को लेकर अभियान चलाएगी। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ पोस्ट और प्रचार सामग्री साझा की जाएगी।









