बलरामपुर: रघुनाथनगर आत्मानंद विद्यालय में अनुशासनहीनता पर गिरी गाज, संविदा शिक्षक की सेवा समाप्त

बलरामपुर: स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रघुनाथनगर में पदस्थ संविदा शिक्षक पीयूष कुमार वर्मा की सेवाएं अनुशासनहीनता एवं आचरण नियमों के उल्लंघन के चलते समाप्त कर दी गई हैं. छात्र के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्यों में लापरवाही के आरोप जांच में सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई.
जानकारी के अनुसार, शिक्षक द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत एक छात्र के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी. मामले की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर द्वारा की गई, जिसमें आरोप प्रमाणित पाए गए. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित शिक्षक द्वारा बिना सूचना अवकाश लिया गया, पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षण कार्य एवं शिक्षक दैनंदिनी का संधारण नहीं किया गया तथा सहकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया.

प्राचार्य, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रघुनाथनगर द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन एवं जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि शिक्षक ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 01, 02 एवं 03 का उल्लंघन किया है. जिसके चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम 2012 के तहत दीर्घ शास्ति अधिरोपित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पीयूष कुमार वर्मा, संविदा शिक्षक (कला विषय) को सेवा से पदच्युत कर दिया गया है.









