नकली निवास प्रमाण पत्र के सहारे CRPF में नौकरी, पुलिस ने जगदलपुर से दबोचा

बलरामपुर। कूटरचित दस्तावेजों के जरिए छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र बनवाकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में नौकरी हासिल करने वाले एक आरक्षक को बलरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय तक फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी करता रहा, लेकिन शिकायत के बाद जांच में पूरा मामला उजागर हो गया।
जांच में सामने आया 204 कोबरा बटालियन में भर्ती का सच
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तहसीलदार द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद बलरामपुर कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवाकर 204 कोबरा बटालियन CRPF में भर्ती हासिल की थी।
बर्खास्तगी के बाद जगदलपुर से गिरफ्तारी
दस्तावेजों की जांच में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद आरोपी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद बलरामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया।
फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में आरोपी अकेला नहीं है। फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और प्रमाण पत्र बनवाने में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।
प्रशासनिक दस्तावेजों की जांच पर उठे सवाल
इस मामले के सामने आने के बाद सरकारी दस्तावेजों के सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर फर्जी दस्तावेज किस स्तर पर तैयार किए गए और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।











