घर में मिली लाश, पत्नी बच्चों संग फरार—पड़ियापुर हत्याकांड से हिला इलाका

इटावा : जनपद के थाना भरथना क्षेत्र के ग्राम पड़ियापुर में एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है. गांव निवासी 45 वर्षीय रणवीर सिंह यादव की बीती रात उनके ही घर में कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक के परिजनों ने इस जघन्य वारदात का आरोप उसकी पत्नी पूजा और उसके प्रेमी अर्पित पर लगाया है.घटना को अंजाम देने के बाद पत्नी अपने दोनों मासूम बच्चों को साथ लेकर फरार हो गई.

बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह यादव पुत्र लाखन सिंह रोज़मर्रा की तरह रात में घर पर मौजूद थे। इसी दौरान देर रात किसी समय उन पर धारदार हथियार कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला किया गया.गंभीर चोटों के चलते रणवीर की मौके पर ही मौत हो गई. सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

मृतक के भाई लालू यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रणवीर की शादी वर्ष 2018 में पूजा से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पूजा का अर्पित नाम के युवक से प्रेम संबंध हो गया था.इस बात को लेकर परिवार में कई बार विवाद भी हुआ और पंचायत स्तर पर समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका.परिजनों का आरोप है कि इसी अवैध संबंध के चलते पूजा ने अपने प्रेमी अर्पित के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया.

हत्या के बाद पूजा अपनी दो छोटी बच्चियों को लेकर घर से फरार हो गई. इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है.पुलिस को आशंका है कि आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में हो सकते हैं.सूचना मिलते ही थाना भरथना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे.घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए. हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी मौके से बरामद कर ली गई है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.वहीं, इस घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल बना हुआ है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com