राजस्थान में घने कोहरे का कहर: एक के बाद एक आपस में भिड़े चार वाहन, 10 लोग घायल

सीकर: बुधवार सुबह घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया. हरसावा गांव के पास करीब सुबह 7:30 बजे लोक परिवहन की बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि बस जयपुर की ओर जा रही थी और ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई.

हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक जीप बस से टकरा गई, वहीं एक अन्य ट्रक ने भी पीछे से पहले ट्रक को टक्कर मार दी. इस तरह एक के बाद एक हुई टक्करों में कुल चार वाहन आपस में भिड़ गए.

इस हादसे में कुल 10 लोग घायल हो गए. इनमें से पांच घायलों को फतेहपुर स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई की हालत सामान्य बताई जा रही है. वहीं ट्रक चालक जगदीश (30) को गंभीर चोटें आने के कारण सीकर के सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है. घायलों में महिपाल, सुरेंद्र सिंह और आसिफ के नाम भी शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार, घना कोहरा होने के कारण सड़क पर दृश्यता बेहद कम थी, जिससे चालक सामने से आ रहे वाहनों को समय पर नहीं देख पाए और हादसा हो गया. सूचना मिलते ही फतेहपुर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने बताया कि वाहन अपेक्षाकृत धीमी गति से चल रहे थे, इसी कारण बड़े जान-माल के नुकसान से बचाव हो सका.

50 मीटर से भी कम रही दृश्यता

हादसे के बाद भी इलाके में काफी देर तक कोहरे का असर बना रहा. शेखावाटी और एनसीआर क्षेत्र में कई स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है. 22 और 23 जनवरी को कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ने के आसार हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com