बरेली में दोहरी त्रासदी: लापता बेटे की लाश मिली, खबर सुनते ही ताऊ ने तोड़ा दम

बरेली : जनपद बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव में गुरुवार को उस समय कोहराम मच गया, जब 14 दिन से लापता 15 वर्षीय किशोर सागर मौर्य का शव बिशारतगंज थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव के पास एक तालाब में मिला.शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
सागर की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.इसी बीच घटना स्थल की ओर जाते समय मृतक के ताऊ टेकचंद्र मौर्य को रास्ते में हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी भी मौत हो गई. एक ही परिवार में दो-दो मौतों से चंदनपुर गांव में मातम छा गया है.
जानकारी के अनुसार चंदनपुर गांव निवासी नारायण मौर्य का बेटा सागर मौर्य 19 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे पड़ोसी गांव भीकमपुर में दावत खाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा.देर रात तक इंतजार के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.कई दिनों तक कोई सुराग न मिलने पर अलीगंज थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी.
गुरुवार शाम भीकमपुर गांव के पास स्थित एक तालाब में ग्रामीणों को एक शव दिखाई दिया. इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी गई, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया.सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.सीओ आंवला नितिन कुमार भी घटनास्थल पर मौजूद रहे.
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया.बताया जा रहा है कि यह तालाब मछली पालन के लिए उपयोग में लाया जाता था, जिस कारण शव मछलियों द्वारा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था.
शव की पहचान सागर मौर्य के रूप में होते ही परिजनों में कोहराम मच गया.गांव में चीख-पुकार गूंज उठी और हर आंख नम हो गई.परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.ग्रामीण सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन परिवार का दुख शब्दों में बयां करना मुश्किल है.
मृतक के पिता नारायण मौर्य ने बताया कि सागर उनके चार बेटों में तीसरे नंबर का था और मजदूरी करता था. उन्होंने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए कुछ लोगों के खिलाफ तहरीर देने की बात कही है.
सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल और शव की जांच की है.प्राथमिक जांच में शरीर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं.पुलिस के अनुसार सागर की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.











