तेज रफ्तार का कहर! हाईवे पर युवक की मौत, दोस्त जिंदगी से जूझ रहा

जसवंतनगर : तेज रफ्तार, लापरवाही और कानून की अनदेखी ने एक बार फिर हाईवे को खून से रंग दिया. बुधवार दोपहर ग्राम विचारपुरा के पास हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है.हादसे ने न सिर्फ एक परिवार का सहारा छीन लिया, बल्कि हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडी गेट फरुखाबाद मार्ग निवासी 20 वर्षीय आर्यन पुत्र शिवचरण अपने मित्र 20 वर्षीय बॉबी पुत्र राजेंद्र, निवासी रमपुरा थाना ऊसराहार के साथ बाइक से जसवंतनगर की ओर जा रहा था.
दोपहर के समय जैसे ही उनकी बाइक ग्राम विचारपुरा के पास हाईवे पर पहुंची, तभी पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी.
पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आर्यन को मृत घोषित कर दिया। वहीं बॉबी की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे जिला अस्पताल इटावा रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है.आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.इधर, आर्यन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही आम बात हो गई है, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है.आए दिन हो रहे हादसे चेतावनी दे रहे हैं कि अगर अब भी सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो हाईवे यूं ही लोगों की जिंदगियां निगलता रहेगा.











