पश्चिम बंगाल : कूच बिहार में धमाके की आवाज के साथ पुल ढहा, डंपर फंसा

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के कूच बिहार के शीतलकुची में शुक्रवार को एक पुल ढह गया. पुल टूटने से धमाके की आवाज सुनने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. पुल का एक हिस्सा टूटकर नीचे लटक गया था, जिस पर एक डंपर खड़ा था.

लोगों के मुताबिक डंपर के वजन की वजह से पुल ढह गया. पुल टूट जाने से यातायात बाधित हो गया. इसको लेकर भाजपा ने ममता बनर्जी की सरकार पर आरोप लगाया है कि कट मनी के चक्कर में विकास के नाम पर बंगाल में सिर्फ भ्रष्टाचार और पतन हो रहा है.

बता दें कि यह पुल शीतलकुची और सीताई के बीच आवागमन का एक प्रमुख मार्ग है. हालांकि पुलिस और प्रशासन ने पुल की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया है. बताया जाता है कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है. लोगों ने पुल की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही और भारी यातायात पर रोक लगाने की मांग की है. पुल गिरने से इलाके में यातायात जाम की स्थिति हो गई.

वहीं घटना को लेकर भाजपा नेता अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, कूचबिहार के शीतलकुची में यह पुल इस बात की साफ़ निशानी है कि ममता बनर्जी के राज में ‘कट मनी’ कल्चर ने पश्चिम बंगाल का क्या हाल कर दिया है. सरकारी पैसे की हेराफेरी, घटिया कंस्ट्रक्शन, ज़ीरो अकाउंटेबिलिटी और आम लोगों को हर दिन अपनी जान जोखिम में डालने के लिए छोड़ दिया गया है. यह डेवलपमेंट नहीं है. यह करप्शन से होने वाली बर्बादी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com