बिजली सुधार कार्य के दौरान मजदूर झुलसा: करंट लगने से खंभे से गिरा, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

सूरजपुर जिले के मदनपुर गांव में बिजली सुधार कार्य के दौरान एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। लो टेंशन पावर लाइन पर काम करते समय अचानक करंट लगने से मजदूर संतुलन खो बैठा और ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

बिना सुरक्षा उपकरण के कर रहा था काम

घायल मजदूर की पहचान बिहार निवासी राजन कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजन बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन सुधारने का काम कर रहा था। इसी दौरान लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह बिना किसी सुरक्षा उपकरण के केवल चप्पल पहनकर काम कर रहा था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने मजदूर को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और इंसुलेटेड जूते जैसी जरूरी सुरक्षा सामग्री उपलब्ध नहीं कराई थी।

ठेकेदार और विभाग की लापरवाही पर सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के ठेकेदार अक्सर मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के जोखिम भरे काम करवाते हैं। इस घटना के बाद विभाग और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे के तुरंत बाद साथी मजदूरों और ग्रामीणों ने घायल राजन कुमार को सूरजपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com