खाना देर से मिलने पर बुजुर्ग ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से घरेलू हिंसा की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद में गुस्से में आए पति ने अपनी ही पत्नी की जान ले ली। मामला पुलिस चौकी तातापानी क्षेत्र के ग्राम सेंदूर के कोटवारीटाड़ का है, जहां खाना तुरंत नहीं मिलने पर पति ने लकड़ी के डंडे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रामदेव कोड़ाकू (65) ने अपनी पत्नी रूनिया कोड़ाकू उर्फ रनिया कोड़ाकू से खाना मांगा था। खाना तत्काल तैयार न होने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर आरोपी ने लकड़ी के डंडे से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतका के पुत्र राजेश कोड़ाकू ने पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।











