चुनाव आयोग की नई पहल… दूरदर्शन और आकाशवाणी पर प्रचार के लिए मिलेंगे डिजिटल ‘टाइम वाउचर’

चुनाव आयोग ने दूरदर्शन और आकाशवाणी पर निःशुल्क ब्रॉडकास्ट/टेलीकास्ट समय के लिए राष्ट्रीय और राज्य की दलों को डिजिटल वाउचर जारी किए हैं. अभी यह व्यवस्था मुख्य रूप से असम, केरल, पुड्डुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे चुनावी राज्यों में लागू की गई है. पहले पार्टियों को इसके लिए चुनाव आयोग के दफ्तर जाकर कागजी वाउचर लेने पड़ते थे. अब आयोग ने इसे डिजिटल कर दिया है.
राजनीतिक पार्टियां अब ऑनलाइन ही ये ‘टाइम वाउचर’ प्राप्त कर सकती हैं. पार्टियों को अब कागजी कार्रवाई के लिए बार-बार आयोग के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. यह सुविधा ‘लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951’ की धारा 39A के तहत दी जाती है, ताकि सभी प्रमुख पार्टियों को जनता तक अपनी बात पहुंचाने का समान अवसर मिले.











