सीकर के गणेश्वर तीर्थ धाम में सूटकेस में विस्फोट, कुंड परिसर में मची अफरा-तफरी

राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम में गुरुवार को कुंड में फेंके गए एक सूटकेस में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे परिसर और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटना के समय कुंड क्षेत्र में जीर्णोद्धार कार्य चल रहा था और कई मजदूर मौके पर मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक एक सूटकेस और थैली लेकर वहां पहुंचे थे। बताया गया है कि दोनों आपस में मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। कुछ ही देर बाद उन्होंने सूटकेस को कुंड में फेंक दिया। इसके तुरंत बाद पानी के भीतर तेज धमाका हुआ। मजदूरों का कहना है कि विस्फोट जैसी आवाज तीन बार सुनाई दी, जिससे लगातार धमाकों का आभास हुआ और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सूटकेस के टुकड़े कुंड की चारदीवारी तक जा पहुंचे। दीवारों पर अज्ञात पदार्थ के छींटे दिखाई दिए हैं और कुछ स्थानों पर दरारें भी पड़ी हैं। विस्फोट के बाद कुंड का पानी बाहर उछल आया और कुछ देर तक धुआं भी फैलता रहा, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद एक मजदूर ने बताया कि वे लोग काम में व्यस्त थे, तभी दो व्यक्ति आए और बिना कुछ कहे सूटकेस कुंड में फेंक दिया। कुछ ही क्षणों में तेज धमाका हुआ और सभी जान बचाकर भागे। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वहां मौजूद मजदूरों व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस दो संदिग्ध युवकों की पहचान और तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट में प्रयुक्त सामग्री और उसके उद्देश्य का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। एहतियात के तौर पर तीर्थ धाम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।











