भाजपा नेता पर महिला अधिकारी ने लगाए गंभीर आरोप, हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में भाजपा से जुड़े जनपद सभापति सुधीर गोलछा पर महिला अधिकारी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। महिला अधिकारी ने आरोपी पर लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना, अश्लील बातचीत, शारीरिक संबंध बनाने का दबाव और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में FIR दर्ज होने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। वहीं हाईकोर्ट ने भी उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।
प्रशासनिक चर्चा के बहाने करता था अकेले मिलने का दबाव
पीड़िता के अनुसार आरोपी अक्सर ऑफिस पहुंचकर प्रशासनिक चर्चा का हवाला देते हुए अकेले में बात करने की कोशिश करता था। वह कर्मचारियों को बाहर भेजकर निजी बातें करने का दबाव बनाता और महिला अधिकारी के निजी जीवन को लेकर अभद्र टिप्पणियां करता था।
“पूर्व CEO का हाल देख लिया है” कहकर दी धमकी
शिकायत में महिला अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कई बार धमकी भरे लहजे में बात की। उसने कथित तौर पर कहा, “पूर्व CEO का हाल देख लिया है?”, जिससे वह डर और तनाव में आ गईं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार मानसिक दबाव बनाकर उन्हें डराने की कोशिश करता रहा।
मोबाइल पर करता था अश्लील बातें, नंबर ब्लॉक करने पर बढ़ाया दबाव
महिला अधिकारी ने आरोप लगाया कि आरोपी बार-बार मोबाइल पर कॉल कर गंदी बातें करता था और मिलने का दबाव बनाता था। जब उन्होंने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया, तो उसने वरिष्ठ अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, आरोपी ने उनके घर की जानकारी बताकर भी डराने का प्रयास किया।
लोकलाज के डर से चुप रहीं पीड़िता, आखिरकार दर्ज कराई शिकायत
पीड़िता ने बताया कि बदनामी और लोकलाज के डर से वह लंबे समय तक चुप रहीं, लेकिन लगातार बढ़ती प्रताड़ना के बाद उन्होंने आखिरकार छुईखदान थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।










