वृंदावन ग्रीन फार्म में चल रहा था लाखों का जुआ, पुलिस ने मालिक समेत 8 को दबोचा

बिलासपुर की न्यायधानी में पुलिस ने जुए के बड़े अड्डे पर कार्रवाई करते हुए 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। मामला कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म का है, जहां फार्म हाउस के भीतर ‘बावन परियों’ का खेल चल रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और मौके से फार्म मालिक समेत आठ आरोपियों को पकड़ लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, जुआ खेले जाने की सूचना पर सीएसपी सिविल लाइन और कोटा एसडीओपी ने पुलिस टीम के साथ फार्म हाउस पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया।

लाखों की नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 80 हजार रुपए नगद, 11 मोबाइल फोन और 5 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

ये आरोपी आए पुलिस गिरफ्त में

गिरफ्तार आरोपियों में ओमनगर निवासी रोशन सिंह, राजीव गांधी चौक निवासी मुन्ना गोयल, दीनदयाल कॉलोनी निवासी विकास सिंह, विद्यानगर निवासी फार्म मालिक मनीष शर्मा, नीरज शर्मा, सकरी निवासी दीपक अग्रवाल, तखतपुर निवासी चंद्रकिशन अग्रवाल और तिफरा निवासी मयंक सोनकर शामिल हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com