जनगणना में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही बना नंबर-1, तय समय से 14 दिन पहले पूरा किया 100% काम

जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण और गणना कार्य में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है। जिले ने निर्धारित समय सीमा से 14 दिन पहले ही शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर नया रिकॉर्ड बनाया है। प्रशासन ने इसे टीमवर्क, लगातार मॉनिटरिंग और मिशन मोड में किए गए काम का परिणाम बताया है।

8 दिन में बदली जिले की तस्वीर

जिले में 8 मई तक जनगणना कार्य की प्रगति केवल 6 प्रतिशत थी। इसके बाद कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने कार्यभार संभालते ही इसे मिशन मोड में शुरू कराया। लगातार समीक्षा और कड़े फैसलों के चलते महज 8 दिनों में आधे से ज्यादा ब्लॉकों का काम पूरा कर लिया गया।

16 मई तक जिले ने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर लिया। प्रशासन के मुताबिक पूरे अभियान में 513 प्रगणक और 85 पर्यवेक्षक लगातार मैदानी स्तर पर जुटे रहे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को बीच में ही सम्मानित भी किया गया, जिससे टीम का उत्साह बढ़ा।

अधिकारियों और टीम की मेहनत लाई रंग

इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन ने जनगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की है। अभियान में जिला जनगणना अधिकारी अमित बेक, अनुविभागीय अधिकारी विक्रांत अंचल और देवेंद्र सिरमौर समेत कई अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने कहा कि यह सफलता लगातार निगरानी, मजबूत समन्वय और पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने आम जनता, जनप्रतिनिधियों और मीडिया का भी सहयोग के लिए आभार जताया। प्रशासन का कहना है कि 1 से 30 मई तक चलने वाले इस अभियान को 16 मई को ही पूरा कर लिया गया।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 के आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं और नीति निर्धारण की मजबूत नींव बनेंगे।

मुख्यमंत्री ने डिजिटल तकनीकों के उपयोग और समय सीमा से पहले कार्य पूरा करने की सराहना की। साथ ही उन्होंने अन्य जिलों के अधिकारियों से भी मैदानी मॉनिटरिंग बढ़ाकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को तेजी से पूरा करने की अपील की।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com