केएल राहुल ने देवदत्त पडिक्कल को किया किस करने का इशारा, फिर टूटा दिल

केएल राहुल के साथ गॉल टेस्ट के चौथे दिन कुछ ऐसा हुआ जिसके बाद वो बेहद खुश हो गए और उन्होंने अपने साथ बल्लेबाजी कर रहे देवदत्त पडिक्कल को किस करने का इशार ही कर दिया. चौंकिए नहीं ये सब गॉल टेस्ट में चौथे दिन के पहले सेशन में हुआ. दरअसल 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर केएल राहुल के खिलाफ एलबीडबल्यू की अपील हुई, अंपायर ने उन्हें आउट भी दे दिया. वो पवेलियन जाने लगे. लेकिन नॉन स्ट्राइक पर खड़े देवदत्त पडिक्कल ने पूरा खेल पलट दिया.
पडिक्कल ने राहुल को बचाया
केएल राहुल जब अंपायर के डिसिजन के बाद वापस जा रहे थे तो पडिक्कल ने उन्हें रोक लिया. पडिक्कल ने राहुल को बताया कि शायद गेंद स्टंप्स पर नहीं लग रही है और उन्हें रिव्यू लेना चाहिए. राहुल ने पडिक्कल के कहने पर ऐसा ही किया और फिर डीआरएस में वो नॉट आउट पाए गए. राहुल को जीवनदान मिला और ये खिलाड़ी सीधा अपने पार्टनर पडिक्कल के पास आया और उन्हें गले लगाकर किस करने का इशारा किया. राहुल का ये वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गया है.
केएल राहुल की खुशियां छिनी
केएल राहुल की खुशी हालांकि ज्यादा देर तक टिकी नहीं. ये खिलाड़ी 10 रन जोड़कर आउट हो गया. 35 रनों के निजी स्कोर पर राहुल को जयसूर्या ने आउट कर दिया. राहुल ने बेहद ही खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया. उन्होंने प्रभात जयसूर्या की गेंद पर बड़ा स्ट्रोक लगाने के फेर में कैच दे दिया. बड़ी बात ये है कि जिस पिच पर गेंद टर्न हो रहा है वहां उन्होंने टर्न के खिलाफ शॉट खेला और वो आउट हो गए. अजिंक्य रहाणे ने भी कमेंट्री के दौरान उनके इस शॉट की आलोचना की. रहाणे ने कहा कि ऐसी पिच पर स्पिन के खिलाफ खेलना खराब शॉट था. हालांकि राहुल ने गॉल की मुश्किल पिच पर पडिक्कल के साथ 65 रन जोड़कर भारत को अच्छी स्थिति में जरूर पहुंचाया.











