धमतरी में नववर्ष 2026 से पहले भव्य फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त

धमतरी में नववर्ष 2026 के स्वागत से कुछ ही घंटे पहले जिले में शांति, सौहार्द और मजबूत कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धमतरी जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में भव्य फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। इस फ्लैग मार्च के जरिए नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिया गया और असामाजिक तत्वों को चेतावनी भी दी गई कि नए साल के जश्न में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सुरज सिंह परिहार ने किया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का वाहन काफिला शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों से गुजरा। इस दौरान सुरक्षा इंतजाम, यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया गया। मार्च रक्षित केंद्र से शुरू होकर अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड, अर्जुनी मोड़ होते हुए नहरनाका चौक और विंध्यवासिनी मंदिर परिसर तक संपन्न हुआ।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इस वर्ष फ्लैग मार्च में जिला और पुलिस प्रशासन के साथ नगर निगम को भी शामिल किया गया है ताकि स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं पर ध्यान दिया जा सके। पुलिस अधीक्षक सुरज सिंह परिहार ने चेतावनी दी कि नववर्ष के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई होगी। संवेदनशील इलाकों में नाकाबंदी, रैंडम चेकिंग, अतिरिक्त गश्ती दलों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 100, 112 या धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 94791-92299 पर संपर्क किया जा सकता है। फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी, डीएसपी, एसडीएम सहित सभी थाना प्रभारी, बड़ी संख्या में पुलिस बल, डीआरजी और यातायात पुलिस के जवान उपस्थित रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि नववर्ष 2026 के स्वागत के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।









