हाथरस: युवती को प्यार में मिला धोखा तो दे दी जान, मौत से पहले का वीडियो आया सामने…

हाथरस: प्यार में मिले धोखे ने एक युवती की जान ले ली. हाथरस के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. हैरान करने वाली बात यह है कि युवती का मृत्यु पूर्व वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है, जिसके बाद परिजनों ने आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है.
आपको बता दें कि हाथरस सदर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय कामिनी पुत्री स्व. प्रदीप कुमार नामक युवती पिछले करीब चार वर्षों से पड़ोस में रहने वाले आकाश पुत्र धर्मपाल से प्रेम करती थी. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और युवती शादी की उम्मीद लगाए बैठी थी. लेकिन आरोप है कि युवक आकाश ने अचानक शादी करने से इंकार कर दिया, जिससे युवती मानसिक रूप से काफी आहत हो गई.
बताया जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव के चलते 29 दिसंबर को कामिनी ने आत्महत्या कर ली. उस समय परिजनों को पूरे मामले की जानकारी नहीं थी, जिस कारण उन्होंने इसे सामान्य मौत समझते हुए युवती का अंतिम संस्कार कर दिया. लेकिन 30 दिसंबर को उस वक्त सनसनी फैल गई जब युवती द्वारा मृत्यु से पहले अपनी मौसी के मोबाइल पर भेजा गया एक वीडियो सामने आया.
इस वीडियो में युवती ने युवक के साथ अपने प्रेम संबंधों का खुलासा करते हुए शादी से इंकार किए जाने के कारण आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात कही है. वीडियो सामने आने के बाद परिजनों के होश उड़ गए. इसके बाद उन्होंने सदर कोतवाली पहुंचकर आरोपी युवक आकाश और उसके परिजनों को युवती की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए तहरीर दी.
पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है.









