लोकेंटो गेम के नाम पर फंसाने की धमकी देकर मांग रहे थे 2 लाख: घूस लेते हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल गिरफ्तार

डूंगरपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. बुधवार देर रात को ACB के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और डूंगरपुर उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया तथा कार्यवाही को अंजाम दिया.
आरोपित पुलिसकर्मियों ने एक युवक को ऑनलाइन ठगी के केस में फंसाने की धमकी देकर 2 लाख रुपये की मांग की थी. आरोपित रिश्वत लेकर कार सहित भाग गए थे लेकिन एसीबी ने पीछा कर एक होटल के पास से उन्हें पकड़ लिया.
क्या है पूरा मामला?
ACB महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 जनवरी 2026 को जब वह नयागांव में खड़ा था, तब पुलिस की गाड़ी में आए कर्मचारियों ने उसे रोका. पुलिसकर्मियों ने उससे किसी अन्य व्यक्ति का पता पूछा और फिर उसका मोबाइल छीनकर उसकी जांच शुरू कर दी.
आरोपितों ने परिवादी पर लोकेन्टो ऐप के जरिए लोगों से ठगी करने का झूठा आरोप लगाया और कहा कि उसके मोबाइल में संदिग्ध लेनदेन हुआ है. डरा-धमका कर उसे गाड़ी में बैठा लिया गया और थाने ले जाने लगे.
रास्ते में ही तय हुआ सौदा
रास्ते में कांस्टेबल प्रकाश चन्द्र पटेल ने परिवादी को डराया कि थाने में मामला दर्ज हो गया तो महीनों तक जमानत नहीं होगी. उसने दोवड़ा थानाधिकारी का नाम लेते हुए कहा कि “मैं भी पाटीदार हूं और सीआई साहब भी, मैं मामला रफा-दफा करवा दूंगा.” इसके बदले में उसने 2 लाख रुपये की मांग की। पुलिसकर्मियों ने परिवादी को रास्ते में उतार दिया और रिश्वत के पैसों के साथ थाने बुलाया.

रिश्वत लेकर फरार हो गए आरोपित, पीछा कर किया गिरफ्तार
शिकायत के बाद एसीबी की टीम ने सत्यापन किया, जांच में पुष्टि हुई कि दोनों आरोपित रिश्वत मांग रहे थे, जिसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप प्लान किया, एसीबी के अफसरों ने फरियादी को डेढ़ लाख रुपये लेकर भेजा, तय समय पर दोनों पुलिसकर्मी कार से आये, फरियादी ने उन्हें कार में बैठकर रिश्वत दी, रिश्वत लेते ही दोनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन एसीबी ने देर रात आसपुर रोड पर एक होटल के पास उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
हालांकि, रिश्वत की राशि अभी तक बरामद नहीं हुई है. एसीबी की टीम आरोपित पुलिसकर्मियों के पास से रिश्वत की राशि बरामदगी के प्रयास कर रही है. ACB के महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपीतों से पूछताछ जारी है और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.











