रिटायरमेंट की रकम को लेकर रिश्तों का खौफनाक अंत, गाजियाबाद में बेटों ने कराई पिता की हत्या

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक रिटायर्ड एयरफोर्स जवान की हत्या की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही दो बेटों ने रची। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बेटों ने अपने पिता की रिटायरमेंट की रकम को लेकर नाराजगी के चलते 5 लाख रुपये की सुपारी देकर भाड़े के शूटर से हत्या करवाई।
मामला लोनी थाना क्षेत्र का है, जहां योगेश कुमार नाम के रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच में मामला अज्ञात हमलावरों का लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पता चला कि योगेश कुमार अपनी रिटायरमेंट के बाद मिली रकम को महिला मित्रों पर खर्च कर रहे थे और परिवार को मकान खाली करने का दबाव बना रहे थे।
इसी बात से नाराज होकर उनके दोनों बेटे नितेश और गुड्डू ने पिता को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उन्होंने अरविंद कुमार नाम के युवक को 5 लाख रुपये की सुपारी दी। 25 दिसंबर 2025 को अरविंद ने योगेश कुमार के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने जांच के दौरान मुख्य शूटर अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से अवैध तमंचा, लोहे का पाइप और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि इस हत्याकांड में अरविंद का बहनोई, जो एक पुलिस कांस्टेबल है, भी शामिल था। हत्या के बाद दोनों आरोपी योगेश कुमार के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे।
फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि समाज के सामने रिश्तों की संवेदनहीन होती तस्वीर भी रख दी है।











