IMD Alert-भारी बारिश के कारण दो लोग घायल; मौसम विभाग ने सात जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील जिलों में आपदा प्रबंधन दल तैनात कर दिया है तथा मछुआरों को तीन अक्टूबर तक ओडिशा तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

IMD Alert-भुवनेश्वर/ओडिशा में बृहस्पतिवार को गंजाम जिले के गोपालपुर के पास एक गहरा अवदाब समुद्र तट को पार कर गया, जिस कारण राज्य में भारी वर्षा हुई और विभिन्न जिलों में भूस्खलन हुआ तथा दो लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जगतसिंहपुर जिले के बालिकुडा में दुर्गा पूजा के अवसर पर लगाया गया बांस का सजावटी द्वार गिर जाने के कारण दो लोग घायल हो गए और उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
राज्य के राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण गजपति, रायगढ़ और कोरापुट जिलों में भूस्खलन हुआ, जबकि गंजाम में कुछ पेड़ गिर गए।
उन्होंने बताया कि कोरापुट जिले में एक पुल बारिश के पानी में डूब गया, जिससे ओडिशा को आंध्र प्रदेश से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 326 पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।
भारी बारिश के कारण जगतसिंहपुर और मच्छगांव के बीच सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील जिलों में आपदा प्रबंधन दल तैनात कर दिया है तथा मछुआरों को तीन अक्टूबर तक ओडिशा तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सात जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा का ‘रेड’ अलर्ट, 16 के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट और शेष सात जिलों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।
राज्य के लगभग सभी हिस्सों में, खासकर तटीय और दक्षिणी क्षेत्रों में, बुधवार से भारी बारिश हो रही है।
आईएमडी ने एक नवीनतम बयान में कहा, ‘‘बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से पर बना गहरा अवदाब पिछले छह घंटों के दौरान 17 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा और शाम पांच बजे के आसपास गोपालपुर के पास ओडिशा तट को पार कर गया।’’
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि गोपालपुर में गहरे अवदाब के कारण अधिकतम ‘हवा की गति 73 किमी प्रति घंटे’ दर्ज की गई।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने एक समाचार चैनल को बताया कि ओडिशा के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार रात भारी से बहुत भारी बारिश होगी और शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक बारिश जारी रहेगी।
भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि आईएमडी ने पुरी, गंजाम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट, कालाहांडी और कन्धमाल के लिए ‘रेड अलर्ट’ (कार्रवाई करें) जारी किया है, जहां शुक्रवार सुबह 8 बज कर 30 मिनट पर कुछ जगहों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक की अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।
निदेशक ने कहा कि 16 जिलों को ‘ऑरेंज अलर्ट’ (तैयार रहें) के तहत वर्गीकृत किया गया है, जहां शुक्रवार सुबह तक 7 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है जिनमें मलकानगिरी, नबरंगपुर, बोलांगीर, सोनपुर, बौध, अंगुल, ढेंकनाल, नयागढ़, खुर्दा, जगतसिंहपुर, कटक, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, जाजपुर और केंद्रपाड़ा जिलें शामिल है।
मोहंती ने कहा कि इसी तरह, राज्य के पश्चिमी क्षेत्र के सात अन्य जिलों में 7 सेंटीमीटर से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ (सावधान रहें) भी जारी किया गया है।
एक अधिकारी ने कहा कि आईएमडी की चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए चिन्हित संवेदनशील जिलों में कर्मियों और मशीनरी को तैनात किया है।











