रायपुर में भाजपा कार्यसमिति की अहम बैठक, नक्सल उन्मूलन से महिला आरक्षण तक कई मुद्दों पर मंथन

रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक में संगठन, सरकार और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में नक्सल उन्मूलन, बस्तर में बदलते हालात, विभिन्न राज्यों में भाजपा की चुनावी जीत और महिला आरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर मंथन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कार्यसमिति में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्टैंडिंग ओवेशन देकर आभार जताया।

नक्सल उन्मूलन पर बदली चर्चा की दिशा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बैठक को लेकर कहा कि एक समय था जब बैठकों में कार्यकर्ता अपनी समस्याएं और पीड़ा साझा करते थे, लेकिन आज भाजपा कार्यसमिति में नक्सल उन्मूलन और बस्तर के विकास जैसे सकारात्मक विषयों पर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर के मड़ई-मेलों में फिर से रौनक लौट रही है, जो क्षेत्र में शांति और विकास का संकेत है।

‘बदल रहा है बस्तर, मिल रही नई दिशा’

विजय शर्मा ने कहा कि बैठक में बस्तर के मौजूदा हालात और विकास कार्यों का विस्तृत आंकलन किया गया। उन्होंने कहा कि बस्तर अब बदलाव की राह पर है और क्षेत्र को विकास की नई दिशा मिल रही है। सरकार की योजनाओं का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है।

राजनीतिक प्रस्ताव पारित, जनता का जताया आभार

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि भाजपा की दो दिवसीय बैठक के तहत पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जबकि दूसरे दिन कार्यसमिति की बैठक हुई। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित करते हुए विधानसभा चुनाव में मिली जीत के लिए प्रदेश की जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

महिला आरक्षण मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला

अरुण साव ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण के विरोध का खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा। भाजपा महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिलेगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com