राजनांदगांव में ताबड़तोड़ रेड, 2300 बोरी खाद के साथ सील हुआ गोदाम, जांच में जुटा प्रशासन

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड में अवैध खाद भंडारण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर कृषि, राजस्व और प्रशासनिक अमले की संयुक्त टीम ने ग्राम माड़ीतराई में छापेमारी करते हुए एक गोदाम से करीब 2300 बोरी खाद बरामद किया। भारी मात्रा में खाद मिलने के बाद अधिकारियों ने तत्काल गोदाम को सील कर दिया।
दस्तावेजों की जांच में जुटा प्रशासन
छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में खाद का स्टॉक मिला, लेकिन मौके पर भंडारण से जुड़े जरूरी दस्तावेज और वैध अनुमति को लेकर कई सवाल खड़े हो गए। प्रशासन अब खाद के स्टॉक रजिस्टर, परिवहन दस्तावेज, लाइसेंस और अन्य रिकॉर्ड की गहन जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सरपंच प्रतिनिधि के बयान से मामला गरमाया
मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब माड़ीतराई के सरपंच प्रतिनिधि दिलीप साहू ने दावा किया कि जब्त खाद बेलगांव निवासी पूर्व सरपंच छबील साहू के पुत्र लेखु साहू का है। उन्होंने आरोप लगाया कि लेखु साहू का नाम पहले भी अवैध मुरुम और रेत भंडारण जैसे मामलों में सामने आ चुका है। इस बयान के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।











