यूपी में PCS की तैयारी कर रही छात्रा ने की सुसाइड, अस्पताल में शव छोड़कर भागे दो युवक; जांच में जुटी पुलिस

प्रयागराज में PCS की तैयारी कर रही एक छात्रा ने खुदकुशी कर ली. 25 साल की छात्रा रिया पांडेय गर्ल्स हॉस्टल में रहकर तैयारी करती थी. रिया के शव को दो लड़के गर्ल्स हॉस्टल से बेली अस्पताल लेकर पहुंचे. दोनों लड़के शव को यहीं छोड़कर भाग गए. इन लड़कों में एक लड़का, लड़की का ब्वॉयफ्रेंड बताया जा रहा है. वहीं दूसरा लड़का उसका दोस्त.
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि जहां लड़कों के आने-जाने पर रोक थी, वहां आधी रात में युवक गर्ल्स हॉस्टल के अंदर कैसे पहुंचे? इस पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस रिया के लॉक मोबाइल फोन को खोलने का प्रयास कर रही है, ताकि घटनाक्रम की सही जानकारी मिल सके. घटना के बाद से हॉस्टल मालिक और रिया का कथित बॉयफ्रेंड दोनों ही गायब हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.
यह मामला प्रयागराज के कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल का है. मृतका रिया पांडेय अंतमऊ मानिकपुर (प्रतापगढ़) निवासी सुशील कुमार पांडेय की बेटी थी. सूचना मिलते ही परिजन प्रयागराज पहुंच गए हैं. पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस शव परिजनों को सौंपेगी.
दो महीने पहले बदला था हॉस्टल
रिया पिछले चार वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी. पहले वह प्रयागराज में किराये के मकान में रहती थी, लेकिन दो महीने पहले राजापुर स्थित हॉस्टल में शिफ्ट हुई थी. वह तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी और उसका एक भाई आदर्श पांडेय है. रात हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा ने रिया के भाई को फोन कर तुरंत प्रयागराज पहुंचने को कहा था.
लाइब्रेरी संचालक की तलाश
जिस युवक ने रिया को अस्पताल पहुंचाया, वह हॉस्टल से करीब 300 मीटर दूर एक निजी लाइब्रेरी संचालित करता है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच संबंध कैसे बने और रात में आखिर क्या हुआ? इस युवक की तलाश जारी है.
पिता बोले- रात 9 बजे हुई थी आखिरी बात
रिया के पिता सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि उनकी बेटी से रात करीब 9 बजे आखिरी बार बात हुई थी, उस दौरान उसने किसी भी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया. उन्होंने बताया कि रात करीब 2 बजे उन्हें सूचना मिली कि रिया को बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह जानकारी उन्हें उनके बेटे ने दी, जो रायपुर (छत्तीसगढ़) में रहता है.
पिता ने यह भी बताया कि जिस पीजी में रिया रहती थी, वहां लड़कों के प्रवेश पर रोक थी. कमरे में पंखे पर लटकने का कोई स्पष्ट निशान भी नहीं मिला. आरोप है कि रिया को अस्पताल ले जाने वाले युवक ने पुलिस को घटना की सूचना तक नहीं दी.











