जबलपुर: अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्लाबोल, पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

जबलपुर: थाना पनागर के अंतर्गत आने वाले ग्राम छतरी खुर्द में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार से परेशान होकर आज महिलाओं ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी गुहार लगाई. महिलाओं का आरोप है कि गांव में 10 से 12 लोग खुलेआम अवैध शराब का विक्रय कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवा पीढ़ी नशे की गर्त में जा रही है.
पुलिस की कार्रवाई न होने से बढ़ा आक्रोश
महिलाओं ने बताया कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब बेची जा रही है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इससे शराब तस्करों के हौसले बुलंद हैं. इसी से तंग आकर आज बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं थाने पहुंचीं और अपनी सुरक्षा एवं गांव की शांति के लिए शराब माफियाओं पर नकेल कसने की मांग की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने महिलाओं को आश्वस्त किया है कि उनकी शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आज ही पुलिस टीम छतरी खुर्द जाकर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी (रेट) करेगी.
दोषियों पर होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जो भी लोग अवैध रूप से शराब का संग्रहण या विक्रय करते पाए जाएंगे, उन पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. पुलिस ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे ऐसे असामाजिक तत्वों की सूचना निर्भीक होकर पुलिस को दें. इस कार्रवाई के आश्वासन के बाद महिलाओं ने उम्मीद जताई है कि अब उनके गांव को नशे की इस बुराई से मुक्ति मिलेगी.









