जगदलपुर: बदलते बस्तर की नई तस्वीर, सुरक्षा कैंप अब बनेंगे विकास और जनसेवा के केंद्र

कभी नक्सलवाद की पहचान से देशभर में चर्चित रहा बस्तर अब तेजी से बदलाव की राह पर आगे बढ़ रहा है। जिन सुरक्षा कैंपों को अब तक सिर्फ ऑपरेशन और सुरक्षा व्यवस्था के केंद्र के रूप में देखा जाता था, अब वही कैंप विकास, जनसुविधा और स्थानीय लोगों के सशक्तिकरण का नया मॉडल बनने जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की नई रणनीति के तहत फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस यानी सुरक्षा कैंप अब स्थानीय ग्रामीणों और सुरक्षाबलों के बीच मजबूत सेतु का काम करेंगे। इस नई पहल की शुरुआत देश के गृह मंत्री Amit Shah नेतनार CRPF कैंप से करने जा रहे हैं।

ग्रामीणों को कैंप में ही मिलेगी डिजिटल और सरकारी सेवाएं

बस्तर संभाग के विभिन्न सुरक्षा कैंप अब केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं रहेंगे। कैंपों की 3 से 4 बैरकों को जन समस्या निवारण और जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां ग्रामीणों को डिजिटल सेवा केंद्र की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उन्हें दस्तावेज, प्रमाण पत्र और अन्य ऑनलाइन सेवाओं के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

युवाओं को स्किल ट्रेनिंग, वन उत्पादों को मिलेगा नया बाजार

नई योजना के तहत स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही जंगल आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस यानी लघु वनोपज की प्रोसेसिंग यूनिट भी इन्हीं कैंपों में विकसित की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

एक ही परिसर में सुरक्षा भी, विकास भी

इस मॉडल की खास बात यह होगी कि एक ही कैंप परिसर में सुरक्षाबल अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे, वहीं दूसरी ओर विकास और जनकल्याण की गतिविधियां भी समानांतर रूप से संचालित होंगी। इससे सुरक्षा और जनविश्वास दोनों को मजबूती मिलेगी।

क्या बोले बस्तर आईजी?

बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि बस्तर में नक्सली गतिविधियां लगभग समाप्ति की ओर हैं। ऐसे में स्थापित सुरक्षा कैंपों के कुछ हिस्सों का उपयोग जनता की मूलभूत सुविधाओं के लिए करने की योजना तैयार की जा रही है। इसमें डिजिटल सेवा केंद्र, स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग और माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस प्रोसेसिंग जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। योजना की रूपरेखा अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com