नए साल से पहले कटघोरा अलर्ट मोड में! 31 दिसंबर को हुड़दंगियों पर सीधी कार्रवाई

कटघोरा : टघोरा: जैसे-जैसे वर्ष 2025 विदा लेने की ओर है और नववर्ष का आगमन नजदीक आ रहा है, कोरबा शहर और कटघोरा क्षेत्र में उत्सव का माहौल बनने लगा है.होटल, लॉन, रिसॉर्ट और सार्वजनिक स्थलों पर नए साल के जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है.

कटघोरा में सख्त चेकिंग, हुड़दंगियों को चेतावनी
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया.इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई.पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि 31 दिसंबर और नववर्ष के दिन किसी भी तरह का हंगामा या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और सीधे सख्त कार्रवाई होगी.
जिलेभर में बढ़ाई गई पुलिस गश्त
नववर्ष को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। सभी प्रमुख पिकनिक स्पॉट, पर्यटन स्थल और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त की जा रही है.
नियम तोड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाना, तेज आवाज में संगीत, सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र व्यवहार या किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी.ट्रैफिक नियमों का पालन, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसके तहत चलती गाड़ियों की रैंडम जांच भी की जा रही है.
प्रमुख पिकनिक स्थलों पर विशेष निगरानी
जिले के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट सतरेंगा, झोराघाट, परसखोला, बुका, बांगोडेम, रजगामार, केंदई और कॉफी प्वाइंट सहित छोटे-बड़े सभी पर्यटन स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार निगरानी की जाएगी.

शहर के चौराहों पर पुलिस तैनाती
शहर के प्रमुख चौराहों जैसे निहारिका घंटाघर, सुभाष चौक, कोसाबाड़ी चौक, बुधवारी जैन चौक, सीएसईबी चौक, टीपी नगर चौक, सुनालिया चौक, सीतामढ़ी चौक और गौ माता चौक पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. इसके अलावा थाना-चौकी की पेट्रोलिंग टीमें लगातार गश्त करेंगी.
पुलिस की अपील: जिम्मेदारी से मनाएं नववर्ष
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.उन्होंने नागरिकों, खासकर युवाओं से अपील की है कि नववर्ष का उत्सव जिम्मेदारी और संयम के साथ मनाएं.किसी भी आपात स्थिति या शिकायत के लिए 112 या नजदीकी थाना से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है.









