कांग्रेस की गुटबाजी पर खुशवंत साहेब का हमला, बोले -पहले अपनी पार्टी संभालें

रायपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को लेकर टीएस सिंहदेव और दीपक बैज के बीच चल रही बयानबाजी पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई पार्टी बन चुकी है और नेताओं के बीच लगातार कुर्सी की लड़ाई चल रही है।

“कांग्रेस में सिर्फ गुटबाजी और कुर्सी तोड़ कार्यक्रम”

मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस में टीएस सिंहदेव गुट, दीपक बैज गुट और भूपेश गुट जैसे कई धड़े बन चुके हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आते ही कांग्रेस में “कुर्सी तोड़ कार्यक्रम” शुरू हो जाता है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचार करना और सत्ता हासिल करना है।

“भारत जोड़ो की बात करने वाले पहले पार्टी जोड़ लें”

खुशवंत साहेब ने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी हमेशा से परिवारवाद की राजनीति करती आई है।उन्होंने कहा कि जो लोग भारत जोड़ने की बात करते हैं, वे पहले अपनी पार्टी को तो संभाल लें। कांग्रेस के नेता आपस में ही लड़ रहे हैं, जिससे साफ है कि उनके पास कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं बची है।

सीएम विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे का किया बचाव

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री दिल्ली विकास और प्रदेश की उन्नति के लिए जाते हैं।उन्होंने कहा कि सीएम साय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के लिए नई सौगात लेकर आते हैं।

“जनता पहले ही कांग्रेस को पिट चुकी है”

कांग्रेस नेताओं के “पिटाई” वाले बयान पर पलटवार करते हुए खुशवंत साहेब ने कहा कि जनता कांग्रेस को पहले ही 2023 और 2024 के चुनाव में हरा चुकी है।उन्होंने दावा किया कि आने वाले 2028 के चुनाव में भी जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता खुद ही एक-दूसरे से लड़ रहे हैं।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दिया जवाब

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि दुनिया के अन्य देशों की तुलना में भारत में कीमतों में कम बढ़ोतरी हुई है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार कोशिश कर रहे हैं कि जनता पर ज्यादा बोझ न पड़े। साथ ही उन्होंने कहा कि वैश्विक युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण आर्थिक असर देखने को मिल रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com