कोरबा में आकाशीय बिजली का कहर: पेड़ के नीचे खड़े बैल की मौत, कई गांवों में बिजली व्यवस्था ठप

कोरबा जिले में रविवार शाम तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक बैल की मौत हो गई। खराब मौसम के चलते कई विद्युत पोल भी गिर गए, जिससे शहर और ग्रामीण इलाकों के कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। देर शाम तक कई क्षेत्रों में बिजली बहाल नहीं हो सकी थी।

पेड़ के नीचे खड़े बैल पर गिरी बिजली

घटना रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र की है। किसान दलबीर सिंह ने अपने मवेशी को चरने के लिए छोड़ा था। शाम करीब पांच बजे मौसम खराब होने पर बैल एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे बैल की मौके पर ही मौत हो गई।

बारिश रुकने के बाद ग्रामीणों ने बैल को मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। रजगामार पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जानकारी राजस्व विभाग को भेजी गई। किसान को इस घटना से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

आंधी-तूफान से कई गांवों की बिजली गुल

शनिवार को भी जिले में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया था। आधे घंटे तक चले तूफान से कई जगह होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टर उड़ गए, जबकि कुछ मकानों के छप्पर भी क्षतिग्रस्त हो गए।

तेज हवाओं के कारण कई विद्युत पोल गिर गए और तार टूट गए, जिससे रजगामार, कोरकोमा, बताती, पसरखेत, मातमार और कल्दामार सहित आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। ग्रामीण इलाकों में लोग लंबे समय तक अंधेरे में रहे।

बिजली बहाली में जुटा विभाग

विद्युत विभाग की टीम लगातार सुधार कार्य में लगी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, कई जगह पोल उखड़ गए हैं और तार टूटने से बिजली बहाल करने में समय लग रहा है। विभाग ने जल्द आपूर्ति सामान्य करने का दावा किया है।

बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों और बाड़ी में लगी अनाज और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com