मध्य प्रदेश: घने कोहरे में अज्ञात वाहन से टकराया ऑटो, एक ही परिवार के 6 लोग घायल, तीन की हालत गंभीर

मैहर: नागौद–सतना मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. घने कोहरे के कारण एक ऑटो रिक्शा की अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें ऑटो में सवार एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि छह अन्य को मामूली चोटें आई हैं। हादसा रात करीब 1 बजे सितपुरा गांव के पास हुआ.

प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के अनुसार, सड़क पर अत्यधिक कोहरा छाया हुआ था, जिससे सामने से आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग सका। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया.

ऑटो में सवार थे 12 लोग
हादसे के समय ऑटो में कुल 12 लोग सवार थे। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो पेशे से हलवाई का काम करते हैं। जानकारी के अनुसार, यह परिवार सेमरिया चौक स्थित कन्हैया पैलेस में काम समाप्त करने के बाद ऑटो बुक कर नागौद स्थित अपने घर लौट रहा था.

तीन की हालत गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार कई लोग सड़क पर गिर पड़े. हादसे में दो महिलाओं सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है. अन्य छह लोगों को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

कोहरे में सावधानी की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से घने कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने, धीमी गति रखने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके.