“संडेस ऑन साइकिल” से फिटनेस का संदेश: जीएसटी एवं कस्टम्स विभाग की साइकिल रैली में उमड़ा जनसैलाब

रायपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित “फिट इंडिया मूवमेंट” के अंतर्गत देशभर में प्रत्येक रविवार आयोजित किए जा रहे “संडेस ऑन साइकिल” कार्यक्रम के तहत आज रायपुर में सेंट्रल जीएसटी एवं कस्टम्स विभाग द्वारा भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और कार-बाइक के बजाय साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना रहा।
‘जीएसटी एंड कस्टम्स’ थीम पर निकली जागरूकता रैली
इस रविवार के कार्यक्रम की थीम “जीएसटी एंड कस्टम्स” रखी गई थी। इसी क्रम में सुबह 6 बजे टिकरापारा स्थित जीएसटी मुख्यालय से साइकिल रैली की शुरुआत हुई। रैली को एम. पी. मीणा, आयुक्त (अपील) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अधिकारी, व्यापारी और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
साइकिल रैली में विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों ने फिटनेस, स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देते हुए शहर में साइकिल चलाकर जनजागरूकता फैलायी।
गांधी उद्यान में हुआ समापन, स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
रैली का समापन गांधी उद्यान, सिविल लाइंस में हुआ। समापन अवसर पर अमित चौधरी, संयुक्त आयुक्त; मनोज ओझा, कार्यक्रम नोडल अधिकारी; तथा आर. के. स्वर्णकार, सहायक आयुक्त ने उपस्थित लोगों को अच्छे स्वास्थ्य, नियमित व्यायाम और साइकिलिंग के लाभों के बारे में जागरूक किया।










